धमतरी | जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भखारा पुलिस ने सोमवार को ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए ग्राम कोसमर्रा, कोपेडीह और कोलियारी मोड़ में एक साथ दबिश दी। इस दौरान भारी मात्रा में महुआ लाहान नष्ट किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर प्रभावी प्रहार किया गया।
कोपेडीह में बड़ी कार्रवाई
ग्राम कोपेडीह में पुलिस ने खेत, तालाब और नहर किनारे संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों को चिन्हित कर भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। मौके पर ही करीब 170-180 बोरी महुआ लाहान नष्ट किया गया। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
दो जगहों से आरोपी गिरफ्तार
कोसमर्रा: नया तालाब के पास से लेखराम पारधी (19) को 29 पौवा देशी शराब और नगदी के साथ पकड़ा गया।
कोलियारी मोड़: पुलिस ने घेराबंदी कर तुलसी राम साहू (54) को 35 पौवा शराब और मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
जप्ती का आंकड़ा
कार्रवाई के दौरान कुल 64 पौवा देशी शराब (11.52 लीटर), एक मोटरसाइकिल और नगदी सहित लगभग ₹20,870 की जप्ती की गई।
पुलिस की सख्त चेतावनी
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ उनके पूरे नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों पर भी प्रहार किया जाएगा।

