पुलिस ने किया पीछा तो महामाया पारा में ट्रैक्टर छोड़कर फरार हुआ आरोपी
भटगांव पुलिस की सर्तकता से बच गया किसान का ट्रैक्टर
जरही.नगर पंचायत जरही में ट्रैक्टर चोरी कर भाग रहे एक अज्ञात व्यक्ति ने लापरवाहीपूर्वक और अनियंत्रित गति से ट्रैक्टर दौड़ाते हुए दो मवेशियों को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों मवेशियों की मौत हो गई। वहीं, सड़क पर मौजूद कई लोग बाल-बाल बच गए। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर आरोपी महामाया पारा में ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मन्नू राम राजवाड़े पिता धन राम राजवाड़े, निवासी डुमरिया कला, ट्रैक्टर लेकर जरही में धान मिसाई करने आया था। धान मिसाई का कार्य पूरा करने के बाद वह वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान जरही चौक पर चना भुनवाने के लिए उसने ट्रैक्टर रोका था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने ट्रैक्टर चालू किया और उसे लेकर फरार होने लगा। संयोगवश जरही चौक पर पुलिस का वाहन ड्यूटी पर मौजूद था। आरक्षक राकेश साहू ने तत्काल मामले को समझते हुए ट्रैक्टर मालिक को साथ लिया और ट्रैक्टर का पीछा करना शुरू कर दिया।इस दौरान ट्रैक्टर चला रहा अज्ञात व्यक्ति तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से वाहन दौड़ाता रहा। इसी दौरान ट्रैक्टर की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत हो गई। वहीं, सड़क पर मौजूद कई लोग भी हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।पुलिस द्वारा लगातार पीछा किए जाने पर आरोपी महामाया पारा के पास ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

