सोनगरा से जरही तक सड़क पर धूल ही धूल
दोपहिया वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन भी नहीं आते नजर
चक्का उठाकर चल रहे ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी
- जरही .अंबिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर सोनगरा से जरही तक सड़क की हालत लगातार बदतर होती जा रही है गड्ढ़ों में डस्ट वाली गिट्टी डालने के बाद इस सड़क पर दो पहिया वाहन से चलना बहुत ही मुश्किल हो गया है ।चेन्नई राधा कंपनी की कोयला परिवहन में लगी सैकड़ो भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क पर धूल का गुबार उड़ रहा है। स्थिति ऐसी हो गई है कि दोपहिया वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन तक दिखाई नहीं देते। इसके चलते राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला परिवहन में लगी ओवरलोड गाड़ियों पर जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की हालत खराब हो रही है, वहीं उड़ती धूल ने आसपास के रहवासियों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी । चेन्नई राधा कंपनी को परिवहन कारोबार से आर्थिक लाभ हो रहा है, लेकिन इसका खामियाजा जरही सहित आसपास के ग्रामीणों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। दुकानों में धूल जम रही है और ग्राहकों को भी परेशानी हो रही है। व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है।क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागों और प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए, सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को धूल से राहत मिल सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो सड़क की बदहाली और दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।
क्षेत्र में इन दिनों हाथियों की आवाजाही भी बनी हुई है। ऐसे में सड़क पर धूल के कारण दृश्यता कम होना लोगों के लिए और अधिक चिंता का विषय बन गया है। विशेषकर मोटरसाइकिल चालकों को सड़क पर सामने की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती हाथी के अचानक सड़क पर पहुंचने और धूल के गुबार के बीच वाहनों के चलने पर कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है।

