धमतरी। जिले में युवाओं की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें नवाचार से जोड़ने के उद्देश्य से 24 एवं 25 अप्रैल को “युवा उत्सव 2026 – इंटर कॉलेज प्रतियोगिता” का भव्य आयोजन किया जाएगा। शासकीय महाविद्यालय धमतरी के नवीन भवन स्थित सेमिनार हॉल एवं परिसर में आयोजित इस दो दिवसीय महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर आयोजन को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाया जाए। उन्होंने कहा कि यह उत्सव युवाओं की प्रतिभा को पहचानने और उन्हें बेहतर अवसरों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेगा। विद्यार्थियों से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील भी की गई है।
20 से अधिक विधाओं में होगी प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव में 20 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इनमें वाद-विवाद, फोटोग्राफी, एकल व समूह नृत्य-गायन, म्यूजिकल बैंड, क्विज, नुक्कड़ नाटक, पारंपरिक वेशभूषा पर रैम्प वॉक, आर्ट-क्राफ्ट प्रदर्शनी और फूड फेस्ट शामिल हैं। इसके साथ ही AI प्रतियोगिता, साइंस व कृषि तकनीकी प्रदर्शनी, रोबोटिक्स वर्कशॉप और स्टार्टअप गतिविधियां भी युवाओं को नई दिशा देंगी।
सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी खास आकर्षण
24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ी संगीतमय शाम में आरु साहू, “द गोल्डन स्टार नाइट ऑर्केस्ट्रा” (राजिम) और रायपुर का “आवाज क्रांति बैंड” अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत करेंगे। वहीं 25 अप्रैल को चर्चित मंच लल्लनटॉप के वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी का प्रेरक सत्र युवाओं को मार्गदर्शन देगा। इसके बाद बस्तर का लोकप्रिय “वायरा बैंड” अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम को यादगार बनाएगा।
वर्कशॉप और खेलों का भी मिलेगा मौका
E-Cell के तहत फोटो एडिटिंग, यूट्यूब कंटेंट क्रिएशन, मेंटल हेल्थ और AI विषयों पर वर्कशॉप आयोजित की जाएंगी। साथ ही खो-खो, कबड्डी, दौड़, शतरंज और रस्साकशी जैसी खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी, जिससे विद्यार्थियों को सर्वांगीण विकास का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी महाविद्यालयों के चयनित विद्यार्थी इस आयोजन में भाग लेंगे। व्यापक तैयारियों के साथ यह युवा उत्सव धमतरी के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार आयोजन बनने जा रहा है।

