धमतरी। महिला आरक्षण बिल के समर्थन में नगर निगम धमतरी में आयोजित विशेष सामान्य सभा की बैठक शुक्रवार को हंगामेदार रही। बैठक के दौरान कांग्रेस और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जो धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। हालांकि बाद में बहुमत के आधार पर प्रस्ताव पारित कर दिया गया।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के निर्देश पर बुलाई गई इस बैठक की शुरुआत होते ही दोनों दलों के पार्षदों के बीच विवाद शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ते देख सभापति कौशिल्या देवांगन ने हस्तक्षेप कर माहौल शांत कराया, जिसके बाद राष्ट्रगान और राज्यगीत के साथ बैठक की औपचारिक कार्यवाही आगे बढ़ी।

बैठक में भाजपा पार्षद काले कपड़ों और गमछे में विरोध जताते नजर आए। उन्होंने कांग्रेस पर महिला आरक्षण बिल को रोकने का आरोप लगाया। वहीं बैठक के बाद भाजपा पार्षदों ने महापौर रामू रोहरा के साथ गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया।
नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर ने आरोप लगाया कि महिला आरक्षण बिल के साथ परिसीमन को जोड़ना महिलाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिल का समर्थन करती है, लेकिन परिसीमन के मुद्दे पर आपत्ति है।
वहीं महापौर रामू रोहरा ने विपक्ष पर महिलाओं के साथ विश्वासघात का आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बैठक में पारित प्रस्ताव राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा जाएगा, जिसमें नारी शक्ति वंदन बिल को पुनः लाने का आग्रह किया गया है।

