कुरूद। नगर पालिका परिषद कुरूद के लिए पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु 11 करोड़ 85 लाख रुपये की जल आवर्धन योजना को स्वीकृति मिल गई है। इस योजना के तहत गंगरेल बांध के मुख्य नहर से कुरूद नगर, केंद्रीय विद्यालय एवं कृषि महाविद्यालय तक नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
योजना के अंतर्गत वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 2.5 एमएलडी से बढ़ाकर 7.5 एमएलडी की जाएगी। साथ ही नगर की सभी बड़ी पानी टंकियों की क्षमता बढ़ाकर उन्हें पाइपलाइन नेटवर्क से जोड़ा जाएगा तथा पेयजल केंद्रों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा।
यह योजना नगर पालिका परिषद की बैठक में प्रस्तावित की गई थी, जिसे विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई। योजना स्वीकृत होने के बाद नगरवासियों में उत्साह का माहौल है।
नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना कुरूद नगर के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इससे वर्षों से चली आ रही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा और नागरिकों को नियमित एवं स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक के प्रति कृतज्ञता जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से यह महत्वाकांक्षी योजना साकार हो पाई है।
नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने भी इस सौगात के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।

