कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में पशु तस्करी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब तीन माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को रीठी पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
दरअसल, लगभग तीन माह पूर्व रीठी थाना क्षेत्र में एक ट्रक में 31 मवेशियों को क्रूरता पूर्वक भरकर ले जाया जा रहा था। सूचना मिलने पर रीठी थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक और उसका एक साथी वाहन छोड़कर फरार हो गए थे।
मामले में रीठी थाने में अपराध क्रमांक 135 दर्ज करते हुए मध्य प्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6(ए) और 9 के तहत प्रकरण कायम किया गया था। तभी से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
कटनी पुलिस अधीक्षक विनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा रीठी थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को कटनी से गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहम्मद शाहिद खान, उप निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक राम पाठक एवं आरक्षक अमन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

