चंदौली । जनपद में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक मामला सामने आया है। एक महिला ने आरोप लगाया है कि उसके घर में अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से घुस गया और घर से मंगलसूत्र सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया।
पीड़ित महिला के अनुसार, घटना के बाद उसने स्थानीय पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुलिस ने उसकी बात को झूठा बताते हुए शिकायत दर्ज करने से इंकार कर दिया। महिला का आरोप है कि बिना उचित जांच के ही पुलिस ने मामले को नजरअंदाज कर दिया।
न्याय नहीं मिलने पर महिला ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर फोन कर अपनी शिकायत दर्ज कराई और पूरे मामले की जानकारी मीडिया को भी दी। महिला का कहना है कि उसके घर से मंगलसूत्र सहित अन्य सामान चोरी हुआ है, जिसकी जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।
अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं इस घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

