कटनी जिले के रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की लापरवाही लगातार सामने आ रही है। यहां पदस्थ स्वास्थ्य कर्मियों की मनमानी और समय पर ड्यूटी पर उपस्थित न होने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दवा वितरण कक्ष में मरीजों की लंबी भीड़ देखी गई, लेकिन दवा वितरण करने वाला कर्मचारी अपनी सीट से गायब मिला। मरीज घंटों दवा लेने के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन जिम्मेदार कर्मचारी का कोई पता नहीं चला।
स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ कई कर्मचारी रोजाना कटनी से अप-डाउन करते हैं, जिसके चलते वे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचते। इसका सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है और मरीजों को समय पर इलाज व दवाएं नहीं मिल पा रही हैं।
सरकारी नियमों के अनुसार कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य है, लेकिन यहां खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। मरीजों और परिजनों ने मांग की है कि ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और स्वास्थ्य केंद्र में नियमित रूप से कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

