कटनी जिले के रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन दिनों सरकारी वाहन के उपयोग को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि बीएमओ को आवंटित शासकीय वाहन पर कुछ कर्मचारियों ने अपना कब्जा जमा लिया है और उसका उपयोग निजी सुविधा की तरह किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, जिन कर्मचारियों को सामान्य दूरी तय करने के लिए पैदल या निजी साधनों का उपयोग करना चाहिए, वे भी बीएमओ की सरकारी गाड़ी में सवार होकर निकल पड़ते हैं। बताया जा रहा है कि रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जनपद कार्यालय की दूरी महज लगभग 200 मीटर है, लेकिन वहां आने-जाने के लिए भी सरकारी वाहन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस वाहन का उपयोग स्वास्थ्य सेवाओं और शासकीय कार्यों के लिए होना चाहिए, उसका इस तरह इस्तेमाल सरकारी राशि के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है।
सूत्र यह भी बताते हैं कि फील्ड विजिट हो या अन्य छोटे-मोटे काम, कुछ कर्मचारी हर जगह बीएमओ की गाड़ी का इस्तेमाल करते नजर आते हैं। इससे न केवल शासन की छवि प्रभावित हो रही है, बल्कि शासकीय संसाधनों के उपयोग पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अब देखने वाली बात यह होगी कि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और क्या सरकारी वाहन के उपयोग को लेकर कोई जांच या कार्रवाई की जाती है।

