धमतरी। जिले में आपातकालीन पुलिस सेवा को और अधिक मजबूत और तकनीक आधारित बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन रुद्री में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने हरी झंडी दिखाकर 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों को रवाना किया। ये वाहन जिले के 10 थाना क्षेत्रों और डायल-112 कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय रहेंगे तथा सड़क दुर्घटना, अपराध और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराएंगे।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इन ईआरवी वाहनों में जीपीएस ट्रैकिंग, पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी तकनीक उपलब्ध है। योजना के तहत शहर क्षेत्रों में 10 मिनट और ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने कहा कि आधुनिक तकनीक आधारित यह सेवा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाएगी और न्यूनतम समय में पीड़ितों तक सहायता पहुंचाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में महापौर रामू रोहरा, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा और जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर ने इस पहल को जनहितकारी बताते हुए कहा कि इससे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में भी त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इस दौरान पुलिस कर्मियों और वाहन चालकों को आपातकालीन मार्ग संचालन, वायरलेस समन्वय और संवेदनशील व्यवहार संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया गया।

