अमेठी। घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पर अंकुश लगाने के लिए पूर्ति विभाग ने सख्ती दिखाते हुए मंगलवार को रामलीला मैदान, अमेठी में छापेमारी की। पूर्ति निरीक्षक अरुण कुमार पांडे और शुभम चौधरी के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान दो घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए।
जानकारी के अनुसार, रामलीला मैदान क्षेत्र में संचालित मोहम्मद इश्तियाक गुर्जर (निवासी बाराबंकी) की बीफ कबाब-पराठा की दुकान तथा सरवनपुर निवासी गोविंद कुमार की टिकिया, चाट, चाउमीन और बर्गर की दुकान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त कर लिए।
छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस कनेक्शन का उपयोग केवल घरेलू कार्यों के लिए ही किया जा सकता है। व्यावसायिक गतिविधियों में इसका प्रयोग करना कानूनन अपराध है। पकड़े गए दुकानदारों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पूर्ति निरीक्षक अरुण कुमार पांडे ने बताया कि नगर में यदि कोई भी दुकानदार घरेलू गैस का दुरुपयोग करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने यह भी संकेत दिया है कि इस तरह के अवैध उपयोग के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके


