यशवंत गंजीर कुरुद। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अलग-अलग प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना मगरलोड, थाना कुरूद और चौकी बिरेझर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध शराब, नगदी रकम और वाहन सहित कुल 28 हजार 230 रुपये का मशरूका जब्त किया गया। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब, जुआ, सट्टा और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
थाना मगरलोड पुलिस ने बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी आहता में रेड कार्रवाई कर आरोपी उत्तम निषाद उर्फ राजा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 17 नग Budweiser Magnum केन बियर, बिक्री रकम सहित कुल 4 हजार 530 रुपये का सामान जब्त किया गया।
वहीं थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम गाड़ाडीह में कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरधर साहू को 15 पौवा देशी मसाला शराब और नगदी रकम के साथ पकड़ा। दूसरी कार्रवाई नया बाजार कुरूद क्षेत्र में की गई, जहां आरोपी किशोर कुमार ध्रुव के कब्जे से देशी शराब, बिक्री रकम और होंडा एक्टिवा वाहन सहित कुल 21 हजार 180 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
इधर चौकी बिरेझर पुलिस ने ग्राम सोनपुर बड़े नहर के पास घेराबंदी कर आरोपी कमलेश कुमार टंडन को 17 पौवा देशी शराब और नगदी रकम के साथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।

