चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के ढुन्नूपुर गांव में बीते शनिवार को बिजली के शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग ने एक परिवार की पूरी गृहस्थी को तबाह कर दिया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया। हादसे में घर में बंधी चार बकरियां जिंदा जल गईं, जबकि लाखों रुपये के सामान के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ढुन्नूपुर गांव निवासी एक परिवार के घर में अचानक बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद चिंगारी से आग लग गई। उस समय घर के लोग बाहर थे। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाम साबित हुईं।
घटना की सूचना पर आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, फर्नीचर समेत जरूरी सामान जलकर राख हो चुका था। आग की चपेट में आने से घर में बंधी चार बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। वहीं स्थानीय राजस्व विभाग की टीम द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की चर्चा है।

