धमतरी। कुरूद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 27 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे वर्मा गैरेज के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने बालाजी नगर निवासी वेंकटेश ध्रुव अपने साथी तोषण सिन्हा के साथ खड़े थे। इसी दौरान आरोपी अमन चन्द्राकर और मेहुल चन्द्राकर वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच मेहुल चन्द्राकर ने चाकू से तोषण सिन्हा के पेट पर वार कर दिया, जबकि अमन चन्द्राकर ने पीठ और कंधे के पास हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
घटना के बाद घायल को तत्काल सिविल अस्पताल कुरूद में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कुरूद में अपराध दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू छत्तीसगढ़ ढाबा के पास झाड़ियों से बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी पूर्व से दर्ज है। फिलहाल मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

