चंदौली।अलीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक और हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पटपरा गांव के समीप साइकिल से जा रहे एक युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के समय जिले के वरिष्ठ अधिकारी तहसील दिवस में लोगों की फरियाद सुन रहे थे जबकि दूसरी ओर अपराधी बेखौफ होकर हत्या की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
मृतक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मुगलसराय के चतुर्भुजपुर निवासी मनोज कुमार के रूप में हुई है। सूचना के बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी और अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर किस दिशा से आए और वारदात को अंजाम देकर किस ओर फरार हुए।
घटना ने अलीनगर क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे अपराधों की श्रृंखला को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बीते दो महीनों में क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक गंभीर आपराधिक घटनाएं हो चुकी हैं। 20 अप्रैल को रेवसा गांव में कव्वाली कार्यक्रम के दौरान हिस्ट्रीशीटर द्वारा फायरिंग 18 मई को खजूर गांव में क्रिकेट मैच के दौरान गोलीबारी, 28 मई को मनोहरपुर में सराफा व्यापारी को गोली मारने की घटना और अब दिनदहाड़े हुई यह हत्या पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर रही है।
सबसे बड़ी बात यह है कि 28 मई को मनोहरपुर में सराफा व्यापारी पर फायरिंग करने वाले आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं ने आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अलीनगर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और पुलिस का खौफ कम होता दिखाई दे रहा है। अब देखना होगा कि पुलिस इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है और बढ़ते अपराध पर किस तरह अंकुश लगाती है।

