कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर। जिले के रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत गिरवानी गांव में वन भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने जंगल की जमीन पर कब्जा करने के आरोप में 28 लोगों को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने की स्थिति में बेदखली की कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।

CG NEWS : पेंड्रा हत्याकांड में सनसनीखेज खुलासा’ भाई को वॉट्सएप पर मिली धमकी, मैसेज में लिखा- “प्रदीप को मैंने मारा, जो करना है कर लो”
Cockroach Janata Party’ के फाउंडर अभिजीत दिल्ली पहुंचे, एयरपोर्ट से बाहर आने में लगी एक घंटे की देरी
10 एकड़ से अधिक वन भूमि पर कब्जे का आरोप …
वन विभाग की जांच में सामने आया है कि गिरवानी गांव में करीब 10 एकड़ से अधिक वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार कई वर्षों से जंगल की जमीन पर खेती एवं अन्य गतिविधियां संचालित की जा रही थीं, जिससे वन क्षेत्र प्रभावित हो रहा है।

तीन दिन के भीतर मांगे गए दस्तावेज …
वन विभाग द्वारा जारी नोटिस में संबंधित लोगों को निर्देशित किया गया है कि वे तीन दिनों के भीतर भूमि संबंधी सभी वैध दस्तावेज कार्यालय में प्रस्तुत करें। अधिकारियों का कहना है कि दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

दस्तावेज नहीं मिले तो होगी बेदखली…
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि नोटिस प्राप्त करने वाले लोग निर्धारित समय सीमा में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करते हैं, तो उन्हें अतिक्रमणकारी मानते हुए वन भूमि से बेदखल करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक सहयोग भी लिया जा सकता है।

वन संपदा की सुरक्षा को लेकर विभाग गंभीर …
वन अधिकारियों का कहना है कि जंगल की जमीन पर लगातार बढ़ रहे अतिक्रमण को रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। वन भूमि पर अवैध कब्जे से पर्यावरण और वन संपदा को नुकसान पहुंचता है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र का मामला…
पूरा मामला रघुनाथनगर वन परिक्षेत्र के गिरवानी गांव का है, जहां वन विभाग की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि नोटिस प्राप्त करने वाले लोग निर्धारित समय के भीतर अपने दस्तावेज प्रस्तुत करते हैं या नहीं, और वन विभाग आगे क्या कदम उठाता है।

