यशवंत गंजीर, कुरूद। कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरदा में सोमवार देर रात हुए एक सड़क हादसे के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। दुर्घटना में एक युवक की मौत से नाराज ग्रामीणों ने घटनास्थल पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात उस समय और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को नुकसान पहुंचाने और पुलिसकर्मियों के साथ विवाद की घटना सामने आई। पूरे घटनाक्रम में एक पुलिस अधिकारी और एंबुलेंस चालक के घायल होने की जानकारी मिली है।
मगरलोड लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा
जानकारी के मुताबिक मगरलोड ब्लॉक के भैंसमुंडी निवासी लीलाराम साहू अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। उमरदा के पास उनकी बाइक एक तेज रफ्तार हाईवा की चपेट में आ गई। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि लीलाराम साहू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
ग्रामीणों ने जताया आक्रोश
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने दुर्घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए शव को हटाने पर आपत्ति दर्ज कराई। इसी दौरान मौके पर पहुंची डायल-112 टीम और वंदे मातरम सेवा परिवार की एंबुलेंस को भी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हंगामे के बीच वाहन को क्षति पहुंची तथा एंबुलेंस चालक के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने की बात सामने आई है।
स्थिति नियंत्रित करने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ समय तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। इस दौरान पुलिस और कुछ ग्रामीणों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई। घटनाक्रम में एक उप निरीक्षक को चोट आई, वहीं एंबुलेंस चालक भी घायल बताया गया है। चालक ने घटना को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
दुर्घटना और उपद्रव दोनों पहलुओं की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना और उसके बाद हुए उपद्रव की अलग-अलग जांच की जा रही है। घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और वीडियो फुटेज के आधार पर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है। वहीं इस घटना ने सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की आवाजाही और ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

