(मनमोहन चंदौली)
चंदौली। पढ़ाई करने वाले छात्रों का एक गिरोह जल्द अमीर बनने और अपने महंगे शौक पूरे करने की चाहत में अपराध की दुनिया में उतर गया। चंदौली पुलिस ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की रकम में से ₹60 हजार नगद, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, वाराणसी निवासी महताब अहमद एक फर्म में मुनीब का काम करते हैं और दुकानदारों से वसूली कर रकम लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान 21 मई को ग्राम चौरहट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब ₹1.34 लाख रुपये थे।
घटना के खुलासे के लिए मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम बनाई गई। पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर के दायरे में लगे 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर की सूचना पर ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह को मुनीब की गतिविधियों की अंदरूनी जानकारी एक ऐसे युवक ने दी थी, जो खुद वसूली का काम करता था। उसी ने बताया था कि हर सप्ताह बड़ी रकम लेकर मुनीब पड़ाव क्षेत्र में आता-जाता है। इसके बाद आरोपियों ने योजना बनाकर रेकी की और वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार सभी आरोपी छात्र हैं, लेकिन कम समय में ज्यादा पैसा कमाने और लग्जरी शौक पूरे करने की लालसा में अपराध के रास्ते पर चल पड़े। आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांट ली थी और कुछ रुपये खर्च भी कर दिए थे। इतना ही नहीं, पूछताछ में उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि वे दोबारा किसी अन्य व्यक्ति को निशाना बनाने की फिराक में निकले थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

