यशवंत गंजीर धमतरी। छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने वर्ष 2026 के सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाशों की सूची में आंशिक संशोधन करते हुए ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवकाश की तिथि बदल दी है। पहले यह अवकाश 27 मई 2026, बुधवार को घोषित किया गया था, जिसे अब परिवर्तित कर 28 मई 2026, गुरुवार कर दिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, पर्व की वास्तविक तिथि में परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। इसके तहत अब प्रदेशभर के शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और अन्य सरकारी संस्थाओं में 28 मई को सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश रहेगा।
उल्लेखनीय है कि राज्य शासन ने वर्ष 2026 के लिए सार्वजनिक और सामान्य अवकाशों की सूची 6 नवम्बर 2025 को अधिसूचना क्रमांक GENS-1001/86/2025-GAD-5 के माध्यम से जारी की थी। हालांकि, ईद-उल-जुहा की तिथि में बदलाव होने के कारण शासन ने नया संशोधित आदेश जारी किया है।
इस निर्णय के बाद सरकारी कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों को अवकाश की नई तिथि के अनुसार अपने कार्यक्रमों में बदलाव करना होगा। शासन के इस आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

