कटनी जिले के रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई, जब अस्पताल परिसर में लगे खुले बिजली कनेक्शन से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते चिंगारियां निकलने लगीं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय मौके पर कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। खास बात यह है कि स्थानीय मीडिया पहले भी अस्पताल की विद्युत सुरक्षा संबंधी खामियों को उजागर कर चुका था।
मामला रीठी तहसील मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। शनिवार सुबह करीब 10 बजकर 30 मिनट पर अस्पताल में लगे बिजली कनेक्शन से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में कनेक्शन से चिंगारियां निकलने लगीं, जिससे अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में लंबे समय से खुले बिजली कनेक्शन और अव्यवस्थित वायरिंग बनी हुई है। इस संबंध में स्थानीय मीडिया द्वारा लगातार खबरें प्रकाशित कर प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन का ध्यान आकर्षित किया गया था। खबरों में चेतावनी दी गई थी कि खुले बिजली कनेक्शन कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
मीडिया की चेतावनी के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया और आखिरकार वही हुआ जिसकी आशंका जताई जा रही थी। शनिवार को अचानक बिजली कनेक्शन में धुआं उठने लगा और चिंगारियां निकलने लगीं। यदि घटना के समय वहां मरीज, परिजन या कर्मचारी मौजूद होते तो गंभीर हादसा हो सकता था।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में सभी बिजली कनेक्शनों की तत्काल जांच कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुधार करने की मांग की है।
फिलहाल इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, लेकिन यह घटना साफ तौर पर बताती है कि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा भी हो सकता है।

