चंदौली। नौगढ़ थाना क्षेत्र के विशेश्वरपुर गांव में मंगलवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, विशेश्वरपुर गांव निवासी सुभाष यादव उर्फ सुशील यादव की शादी सोनभद्र जनपद के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित पड़ी गांव निवासी ऋतु यादव के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था।
मृतका के भाई का आरोप है कि जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो ऋतु का शव जमीन पर पड़ा था। उनका कहना है कि यदि उसने फांसी लगाई थी, तो परिजनों ने शव को फंदे से नीचे क्यों उतारा। उन्होंने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सीओ नौगढ़ ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और इसी वजह से उसकी हत्या की गई। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

