कटनी जिले के रीठी थाना अंतर्गत सलैया चौकी क्षेत्र के ग्राम कैना में भगवती मानव कल्याण संगठन के जागरूक सदस्यों ने घेराबंदी कर मोटरसाइकिल से परिवहन की जा रही 5 पेटी अवैध शराब पकड़ने में सफलता हासिल की है
संगठन के सदस्यों को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की एक खेप ले जाई जा रही है। इस पर कार्रवाई करते हुए सदस्यों ने घेराबंदी की और दो आरोपियों को पकड़ा पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान धीरन (पिता फूलसिंह, निवासी चनपुरा, जिला दमोह) और मुकेश (पिता बलराम, निवासी आलोपुरा, जिला छतरपुर) के रूप में हुई है। इनके पास से कुल 250 पाव अवैध शराब बरामद की गई है, जिसमें 200 पाव प्लेन और 50 पाव मसाला (लाल) शराब शामिल है।

संगठन के सदस्यों का आरोप है कि शासन के नियमानुसार शराब की दुकानें सुबह 8:00 बजे खुलनी चाहिए, लेकिन रीठी स्थित शराब दुकान से सुबह होने से पहले ही अवैध रूप से शराब की सप्लाई लगातार जारी है। संगठन ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आबकारी नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है और इस पूरे मामले में शासन-प्रशासन मौन साधे हुए है।
पकड़े गए आरोपियों और अवैध शराब को संगठन द्वारा पुलिस/चौकी प्रशासन के सुपुर्द किया गया है। संगठन ने मांग की है कि अवैध शराब के इस कारोबार पर तत्काल लगाम लगाई जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए

