बिलासपुर। सरकारी दफ्तरों की धीमी रफ्तार और लापरवाही से तंग आकर एक युवक ने ऐसा अनोखा विरोध किया, जिसने पूरे शहर में चर्चा छेड़ दी। तिफरा निवासी तरुण साहू ने हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में अधिकारी की टेबल पर बादाम बिखेरते हुए तंज कसा—“मैडम, शायद बादाम खाने से आपकी याददाश्त बढ़ जाए और मेरी फाइल मिल जाए।”
दरअसल, तरुण ने तिफरा क्षेत्र में एक ईडब्ल्यूएस (EWS) फ्लैट रिसेल में खरीदा था। इसके बाद नामांतरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए वह हाउसिंग बोर्ड के चक्कर काट रहा था। लेकिन विभाग ने उसे बताया कि उसकी फाइल ही गायब हो चुकी है। युवक का आरोप है कि बीते एक साल से वह लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहा है, लेकिन हर बार उसे “कल आना, परसों आना” कहकर टाल दिया जाता रहा।

सालभर की इस दौड़धूप और निराशा के बाद आखिरकार तरुण का धैर्य जवाब दे गया। वह बादाम की थैली लेकर दफ्तर पहुंचा और अधिकारी के सामने टेबल पर बादाम बिखेरकर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान वहां मौजूद कर्मचारी भी उसके इस अनोखे अंदाज को देखकर हैरान रह गए।
युवक ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही लोगों ने हाउसिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं और सरकारी लापरवाही को लेकर नाराजगी जाहिर की जा रही है।
मामला तूल पकड़ने के बाद अब विभाग हरकत में आया है और गुम हुई फाइल की तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि अब तक इस पूरे मामले में किसी भी अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

