यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के सिहावा थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है। सिरसिदा गांव का चौथी कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय मासूम निकेतन साहू पिछले 40 घंटे से लापता है। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में चिंता का माहौल है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, निकेतन पिता भारत लाल साहू मंगलवार 28 जुलाई की शाम करीब 5 बजे घर से निकला था। परिजनों ने बताया कि वह रोज की तरह स्कूल से घर लौटा, कपड़े बदले और कुछ देर बाद बाहर जाने की बात कहकर निकला, लेकिन उसके बाद वापस नहीं आया।
शाम तक बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले रिश्तेदारों और गांव के आसपास उसकी तलाश की। देर रात तक कोई सुराग नहीं मिलने पर सिहावा थाने में सूचना दी गई। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू कर दी है।
घटना को लेकर गांव के लोगों ने भी बच्चे की तलाश में सहयोग किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ करने के साथ-साथ उपलब्ध तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
अपील: यदि किसी व्यक्ति को निकेतन के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल सिहावा थाना या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। समय पर मिली एक छोटी-सी जानकारी भी मासूम को सकुशल घर पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

