यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के अमलीडीह-भिराई मार्ग पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार हुंडई i10 कार (CG 04 HP 9877) अनियंत्रित होकर मील पत्थर से टकराने के बाद सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे में कार सवार छह लोगों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल धमतरी में उपचार जारी है।
कुर्रा से लौट रहे थे सभी सवार
मिली जानकारी के अनुसार थाना सनौद क्षेत्र के ग्राम भिराई निवासी महेश निर्मलकर, तोरण साहू (पंचायत सचिव), ऐश कुमार, मुकेश साहू, विजय साहू और रोशन साहू किसी कार्य से कुर्रा (धमतरी) गए हुए थे। वापसी के दौरान दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम भिराई से लगभग 400 मीटर पहले चालक महेश निर्मलकर वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
टक्कर इतनी भीषण कि इंजन और पहिया अलग हो गए
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार पहले सड़क किनारे लगे मील पत्थर से टकराई और फिर सड़क पार कर पक्की नाली में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का इंजन वाहन से अलग होकर नाली में जा फंस गया। इसके बाद कार कई बार घूमते हुए सड़क के दूसरी ओर स्थित नाली किनारे लगे बांस के पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन का अगला पहिया टूटकर निकल गया और ड्राइवर सीट तक जा पहुंचा।
घायलों को भेजा गया अस्पताल, हालात गंभीर
दुर्घटना के बाद सभी सवार कुछ समय के लिए अचेत हो गए थे। कुछ मिनट बाद मुकेश साहू को होश आया, जिन्होंने कार का दरवाजा तोड़कर बाहर निकलने में सफलता पाई। इसके बाद वे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी पहुंचे, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। वहीं अन्य पांच घायलों को 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तोरण साहू को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
नशे में होने की आशंका, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही सनौद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार महेश निर्मलकर चला रहा था, जिसकी हालत भी गंभीर बनी हुई है। स्थानीय स्तर पर यह आशंका जताई जा रही है कि कार सवार लोग शराब के नशे में हो सकते थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा घायलों के बयान, चिकित्सकीय परीक्षण और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

