धमतरी।कुरुद ब्लॉक के भखारा, कोर्रा और सिलौटी क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 7 बजे अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी-तूफान के साथ हुई बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ की टहनियां टूटकर बिजली तार और सड़कों पर गिर गईं, जिससे कुछ समय के लिए आवागमन व समाचार लिखे जाने तक बिजली आपूर्ति बाधित रहा।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि आंधी के चलते क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई, जिससे लोगों को अंधेरे में रात गुजारनी पड़।सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा के कारण बिजली के तार और पोल प्रभावित हुए हैं, जिन्हें सुधारने के लिए बिजली विभाग की टीम जुटी हुई है।
वहीं इस अचानक आई आंधी-बारिश से किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। कई किसानों की खेतों में खड़ी धान की फसल तेज हवा के कारण जमीन पर लिपट गई, जिससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। किसान चिंतित हैं कि यदि फसल समय पर नहीं संभली तो आर्थिक नुकसान और बढ़ सकता है।

