यशवंत गंजीर, धमतरी।जिले की सभी ग्राम पंचायतों में आगामी 24 जून को ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा। इस बार ग्राम सभा की बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास प्लस 2.0 सर्वेक्षण से तैयार स्थायी प्रतीक्षा सूची मुख्य एजेंडा रहेगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार ग्राम सभाओं में सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची का सार्वजनिक वाचन किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रामीण सूची का अवलोकन कर सकेंगे और पात्र हितग्राहियों को प्राथमिकता क्रम में शामिल करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
दावे-आपत्तियों के बाद बनेगी अंतिम सूची
ग्राम सभा में ग्रामीणों से सूची को लेकर दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने के बाद ग्राम सभा से अनुमोदन लिया जाएगा। अनुमोदन के पश्चात अंतिम सूची को आवास सॉफ्टवेयर में अपलोड किया जाएगा।
ग्रामीणों को आजीविका मिशन की भी मिलेगी जानकारी
बैठक में ग्रामीण रोजगार और आजीविका को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) की जानकारी भी दी जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि इससे ग्रामीणों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सकेगा।
जिला प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में ग्राम सभा में शामिल होकर गांव के विकास से जुड़े निर्णयों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

