यशवंत गंजीर धमतरी।शहर के गणेश चौक इलाके में लाठी-डंडे और रॉड लेकर घर में घुसकर मारपीट व उत्पात मचाने वाले पांच आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा बरामद कर सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इनमें से दो आरोपी पुराने हिस्ट्रीशीटर बताए जा रहे हैं।
रात के अंधेरे में मचाया तांडव:
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सागर कसार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 13 मई की रात करीब 10:30 बजे कुछ युवक हथियारों के साथ उसके घर पहुंचे। आरोपी सुमित कसार और दिलीप सोनकर के बारे में पूछताछ करते हुए घर के भीतर घुस गए और परिजनों के साथ जमकर मारपीट की। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी फरार हो गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर घेराबंदी की और पांचों युवकों को दबोच लिया।
पुराना है आपराधिक रिकॉर्ड:
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि पकड़े गए आरोपियों में से विजय सोनकर उर्फ मोनू और योगी सोनकर उर्फ छोटू के खिलाफ पहले से ही सिटी कोतवाली में मारपीट और धमकी देने के कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि विजय सोनकर के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हमले में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय सोनकर उर्फ मोनू (28 वर्ष): सदर दक्षिण वार्ड, धमतरी। अमन सोनकर (22 वर्ष): रामबाग, धमतरी।विकास निर्मलकर (21 वर्ष):विध्यवासिनी वार्ड, कारगिल चौक।योगी सोनकर उर्फ छोटू (27 वर्ष)।विध्यवासिनी वार्ड, धमतरी।
सोम त्रिपाठी (19 वर्ष) मराठापारा, धमतरी। शामिल है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। धमतरी पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

