यशवंत गंजीर धमतरी। जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में यातायात जागरूकता अभियान चलाकर आमजन को सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले चालकों पर वैधानिक कार्रवाई भी की जा रही है।
इसी क्रम में थाना भखारा पुलिस ने ग्राम भखारा स्थित कोलियारी मोड़ के पास वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक हाईवा चालक को मोबाइल फोन पर बात करते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चलाते पकड़ा। पुलिस ने हाईवा वाहन क्रमांक CG 07 CA 9995 अशोक लेलैंड 10 चक्का के चालक शाहिल वर्मा पिता चन्द्रशेखर वर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पाहंदा थाना रानीतराई जिला दुर्ग को रोककर जांच की।
CG BREAKING : दिल्ली दौरे से लौटेंगे CM Sai’ शाम को लेंगे अहम कैबिनेट बैठक
जांच के दौरान चालक वाहन के आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक 3 टन 830 किलोग्राम रेत ओवरलोड पाई गई। इसके अलावा वाहन के पीछे नंबर अंकित नहीं होना और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन भी सामने आए। पुलिस ने चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 196, 50(2)/177, 184, 21(25)/177, 3/181 एवं 113/194(1) के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा तैयार कर माननीय न्यायालय में पेश किया।
धमतरी पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, ओवरलोडिंग से बचें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

