धमतरी। पश्चिम बंगाल की तेज होती राजनीतिक सरगर्मी और चुनावी संघर्ष के बीच धमतरी के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए हैं। ऐसे समय में उनका बंगाल जाना भाजपा के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां पार्टी सत्ता की मजबूत चुनौती पेश करने में जुटी है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा और सत्तारूढ़ दल के बीच सीधी टक्कर के हालात हैं। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं में जोश भरने और मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच बनाने की जिम्मेदारी अब अनुभवी नेताओं पर है। इसी कड़ी में निरंजन सिन्हा को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रवाना होने से पहले सिन्हा ने कहा कि वे जनता के अटूट विश्वास, विकास के दृढ़ संकल्प और सेवा की भावना को साथ लेकर इस महत्वपूर्ण अभियान में उतर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य केवल चुनाव प्रचार नहीं, बल्कि जन-जन तक पहुंचकर विश्वास को और सुदृढ़ करना तथा विकास और सुशासन के एजेंडे को मजबूती से स्थापित करना है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा का संघर्ष केवल सत्ता परिवर्तन तक सीमित नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक विकास मॉडल को स्थापित करने का प्रयास है। “हमारा उद्देश्य है कि लोगों को बेहतर शासन, पारदर्शिता और विकास का भरोसा मिले।
धमतरी सहित पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके इस दायित्व पर गर्व जताते हुए उनके सफल अभियान की कामना की है।

