धमतरी। जिले के मगरलोड ब्लॉक के ग्राम खिसोरा में ट्रैक्टर से दबने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतिका की पहचान सेवती बाई साहू (पति नंदू साहू), निवासी ग्राम सरकड़ा, थाना पाण्डुका (जिला गरियाबंद) के रूप में हुई है, जो अपने मायके खिसोरा आई हुई थीं।
जानकारी के अनुसार 13 मई की शाम करीब 7 बजे वह खेत में रबी फसल धान की कटाई करने गई थीं। इसी दौरान अचानक तेज आंधी-तूफान आ गया, जिससे बचने के लिए दो महिलाएं ट्रैक्टर के नीचे बैठ गईं। तभी चालक ने अचानक ट्रैक्टर चालू कर दिया। एक महिला तो बाहर निकल गई, लेकिन सेवती बाई साहू समय रहते नहीं निकल पाईं और ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दब गईं।
घटना के बाद परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए राजिम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 14 मई को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस के अनुसार मर्ग जांच के बाद ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

