धमतरी। कुरुद नेशनल हाईवे स्थित रेलवे स्टेशन कुरुद के पास बुधवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ग्रामीणों ने नहर के पानी में एक युवक का शव बहते हुए देखा। सूचना पर पहुंची कुरुद पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान अभिषेक वरदान श्रीवास्तव (32 वर्ष), निवासी बसना, जिला महासमुंद के रूप में हुई है।
डंडेसरा से बहकर स्टेशन तक पहुंचा:
शव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे ग्राम डंडेसरा के पास ग्रामीणों ने पानी में एक लाश देखी। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पानी का बहाव तेज होने के कारण शव बहकर रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज तक पहुंच गया था। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उसे किनारे लगाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

दोस्तों के साथ गया था कोलियारी:
जांच में पता चला है कि अभिषेक धमतरी की एक निजी कंपनी में काम करता था और वहीं किराए के मकान में रहता था। मंगलवार शाम करीब 4 बजे वह अपने कुछ दोस्तों के साथ कोलियारी गया था। शाम को उसके दोस्त वापस लौट आए, लेकिन अभिषेक ने ‘बाद में आने’ की बात कहकर उन्हें भेज दिया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा और सुबह उसकी लाश मिलने की खबर आई।
डूबने से हुई मौत, सिर पर मिले चोट के निशान:
शव के सिर पर चोट के निशान मिलने से शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध लग रहा था, लेकिन पुलिस का कहना है कि बहने के दौरान सिर किसी पत्थर से टकराने के कारण यह चोट आई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है।

