(मनमोहन चंदौली)
चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में कानून व्यवस्था एक बार फिर से सवालों के घेरे में आ गई है। गुरुवार शाम अलीनगर थाना क्षेत्र के व्यस्त गोधना मोड़ पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारी सुजीत बिंद पर निर्मम फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं हाथ में लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने मीडिया को बताया शाम के समय सुजीत बिंद दुकान बंद करके घर जा रहे थे। तभी तीन बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी। हम सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे।
कटनी एडिशनल एसपी डॉ. संतोष डेहरिया का तबादला, कमल मौर्य होंगे नए एडीशनल एसपी
एएसपी ने यह भी बताया कि परिजनों के अनुसार दस दिन पहले भी इसी कारोबारी पर पाउडर फेंककर लूट की कोशिश की गई थी। पुलिस अब दोनों घटनाओं के बीच संबंध की भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में लूट और पुरानी रंजिश दोनों एंगल पर काम चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। क्राइम ब्रांच की टीम भी सक्रिय हो गई है। घायल सुजीत बिंद को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है।
यह घटना चंदौली के व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर गई है। स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि मुख्य चौराहे पर इतनी बड़ी घटना कैसे हो सकती है? पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी लगाते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश तेज कर दी है।
अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

