यशवंत गंजीर, धमतरी। जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा ने सहकारिता बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए धमतरी और महासमुंद जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं के कार्यालय भवन निर्माण एवं उन्नयन कार्यों के लिए 2 करोड़ 61 लाख 77 हजार रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। लंबे समय से लंबित भवन निर्माण की मांगों को मंजूरी मिलने से क्षेत्र के किसानों और बैंक ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
स्वीकृत राशि के अनुसार दरबा शाखा के लिए 60.70 लाख रुपये, नारी शाखा के लिए 52.25 लाख रुपये, कोर्रा शाखा के लिए 50 लाख रुपये तथा धमतरी शाखा भवन के उन्नयन एवं जिला नोडल कार्यालय निर्माण के लिए 38.82 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं महासमुंद जिले की झलप शाखा के लिए 60 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
अध्यक्ष श्री सिन्हा ने कहा कि केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के निर्देश और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में सहकारिता क्षेत्र के आधुनिकीकरण और विस्तार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उनका कहना है कि बैंकों के स्वयं के आधुनिक भवन बनने से ग्राहकों को अधिक सुविधाजनक और गुणवत्तापूर्ण बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध होंगी।
झलप शाखा के लिए भवन निर्माण की स्वीकृति को विशेष महत्व देते हुए उन्होंने बताया कि बलविंदर सिंह सलूजा, गोल्डी सलूजा और सुभाष पटेल ने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित 2604 वर्गफीट भूमि बैंक भवन निर्माण के लिए दान की है। उसी भूमि पर नया कार्यालय भवन बनाया जाएगा। बैंक प्रबंधन ने इसे दानदाताओं की भावना और सामाजिक सहयोग का सम्मान बताया है।
बैंक अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप तथा बैंक प्रबंधन ने दानदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नए भवनों से बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा। भवन स्वीकृति के निर्णय पर संबंधित शाखाओं के कर्मचारियों और यूनियनों ने भी अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है।

