भिलाई। प्रदेश में शासकीय कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग पूरी होने के बाद हर्ष का माहौल है। इसी उपलब्धि के उपलक्ष्य में 29 मार्च को भिलाई के कला मंदिर में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का सम्मान किया जाएगा। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि इस सुविधा के लागू होने से अब कर्मचारियों और उनके परिवारों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
प्रदेश अध्यक्षा उषा चंद्राकार ने सभी शासकीय कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन कर्मचारियों की एकजुटता, संघर्ष और अधिकारों की जीत का प्रतीक है।
प्रदेश सचिव मोहित जैन ने भी कर्मचारियों से सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक साबित होगा और भविष्य में अन्य मांगों को भी मजबूती देगा। उन्होंने सभी से समय पर पहुंचने और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया।
उल्लेखनीय है कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू होने से प्रदेश के लाखों शासकीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे इलाज के दौरान आर्थिक बोझ में कमी आएगी।

