धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत रूद्री थाना पुलिस ने ग्राम सोरम में एक व्यक्ति को अवैध रूप से शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव में शराब भट्ठी के पास एक खोमचे में अवैध देशी प्लेन शराब की बिक्री की जा रही है, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से बिना वैध दस्तावेज के 51 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई। इसके साथ ही बिक्री से प्राप्त नकद रकम भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 4,180 रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र गायकवाड (25 वर्ष), निवासी हटकेशर शीतला पारा, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

