यशवंत गंजीर धमतरी। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मादक पदार्थ, अवैध शराब और जुआ-सट्टा जैसे अवैध कारोबारों पर लगातार निगरानी रखकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत थाना भखारा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करते एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना भखारा को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि रोशन राइस मिल स्थित नीम पेड़ पुल के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना भखारा पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
भाजपा प्रचारक वाले आरोप पर Jagadguru Rambhadracharya का पलटवार
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजु साहू उर्फ तुलसी साहू पिता महेत्तर साहू उम्र 54 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 03 भखारा थाना भखारा जिला धमतरी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,400 रुपए बताई गई है। पुलिस ने शराब को जप्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
थाना भखारा में आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 54/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

