यशवंत गंजीर, धमतरी । कुरुद स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। विद्यालय परिसर में नवनिर्मित 8 आधुनिक कमरों और एक सर्वसुविधायुक्त शौचालय परिसर का भव्य लोकार्पण किया गया। इस गरिमामय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुरुद विधायक अजय चंद्राकर रहे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में धमतरी जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू और नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति भानू चंद्राकर उपस्थित रहे।
यह नवीन भवन निर्माण कार्य सामाजिक संस्था ‘राउंड टेबल इंडिया’ के सहयोग से ‘रायपुर कैपिटल राउंड टेबल 241’ द्वारा कराया गया है। दिसंबर 2024 में शुरू हुई यह परियोजना रिकॉर्ड समय में पूरी कर जून 2026 में विद्यालय प्रबंधन को सौंप दी गई।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा (अधोसंरचना) बेहद आवश्यक है। नए कमरों और स्वच्छता सुविधाओं से छात्राओं को एक सुरक्षित, सुविधाजनक और प्रेरणादायी माहौल मिलेगा, जिसका सीधा सकारात्मक प्रभाव उनकी पढ़ाई और भविष्य पर पड़ेगा।
राउंड टेबल इंडिया के प्रतिनिधियों ने बताया कि उनकी संस्था सरकारी स्कूलों में अधोसंरचना विकास, शिक्षा के स्तर को सुधारने और सामाजिक उत्थान के लिए लगातार समर्पित भाव से कार्य कर रही है। इन अतिरिक्त सुविधाओं से बेटियों को शिक्षा के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।
कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष अक्षत टंडन, प्रतीक बेरीवाल, सचिव नैतिक पारेख, कोषाध्यक्ष गौरव वाधवानी सहित राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी, विद्यालय परिवार और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने संस्था के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह प्रयास छात्राओं के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

