यशवंत गंजीर कुरुद। लगातार बढ़ते तापमान, घटते जलस्तर और तेजी से कट रहे पेड़ों के दुष्प्रभाव अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी साफ दिखाई देने लगे हैं। भीषण गर्मी और पर्यावरण असंतुलन के इस खतरे को देखते हुए सरपंच संघ धमतरी के जिलाध्यक्ष टिकेश साहू ने जिले को “ग्रीन डिस्ट्रिक्ट” बनाने का संकल्प लिया है। विश्व पर्यावरण दिवस, 5 जून 2026 से पूरे जिले में व्यापक वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष टिकेश साहू ने जिले के सभी सरपंचों और ब्लॉक अध्यक्षों से अपील करते हुए कहा है कि पर्यावरण संरक्षण अब केवल औपचारिकता नहीं बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अस्तित्व से जुड़ा विषय बन चुका है। उन्होंने “एक पेड़ लगाओ, भविष्य बचाओ” का संदेश देते हुए प्रत्येक पंचायत में क्षेत्र के अनुसार 100 से 500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान के तहत स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सड़क किनारे, सार्वजनिक स्थलों और खाली पड़ी सरकारी भूमि पर सघन पौधरोपण किया जाएगा।
इस महाअभियान को जमीनी स्तर पर सफल बनाने के लिए चारों ब्लॉकों के अध्यक्षों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसमें कुरुद ब्लॉक से हरिशंकर साहू, धमतरी ब्लॉक से हिमांशु शेखर साहू, मगरलोड ब्लॉक से श्रीमती राखी साहू एवं नगरी ब्लॉक से उमेश देव अपने-अपने क्षेत्रों के सरपंचों को प्रेरित कर कार्य सुनिश्चित कराएंगे।
जिलाध्यक्ष ने सभी से वृक्षारोपण की संख्या और फोटो जिला स्तर पर भेजने का आग्रह किया है ताकि इसकी रिपोर्ट तैयार की जा सके। सरपंच संघ ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे केवल पौधे लगाएं ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण का भी संकल्प लें, ताकि धमतरी हरियाली की नई मिसाल बन सके।

