कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलैया चौकी इलाके में एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। उमरडोली के पास महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान ग्राम बरजी निवासी 70 वर्षीय गेंदा बाई के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वृद्ध महिला बड़गांव जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह उमरडोली कैसे पहुंची इसकी जानकारी किसी को नहीं है। परिजनों का अनुमान है कि महिला लकड़ी बिनने के लिए जंगल की ओर गई होगी।
वहीं पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 9 बजे चौकीदार से सूचना मिली थी कि उमरडोली के पास एक वृद्ध महिला मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना मिलते ही सलैया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां शनिवार सुबह करीब 11 बजे पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल वृद्ध महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

