(मनमोहन चंदौली)
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना के पीछे प्रेम प्रसंग, क्रिकेट विवाद और रंगदारी की कहानी सामने आई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर घटना के खुलासे का दावा किया है। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक 17 मई 2026 को क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद बाद में गंभीर रंजिश में बदल गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपितों ने युवक रितेश पासवान से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। मामला तब और गंभीर हो गया जब आरोपितों ने कथित तौर पर रितेश के घर पहुंचकर फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी।
अलीनगर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दवापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में अंकित यादव निवासी नाथूपुर चंदौली, मृत्युंजय मौर्य उर्फ गुल्लू निवासी रामनगर वाराणसी और रवि किशन यादव निवासी नाथूपुर शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में प्रेम प्रसंग को लेकर पुरानी तनातनी की बात भी सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार क्रिकेट मैदान से शुरू हुआ विवाद निजी रिश्तों और दबंगई तक पहुंच गया, जिसके बाद फायरिंग जैसी घटना हुई।
गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी हैं। वहीं पुलिस अब आरोपितों के आपराधिक इतिहास, गैंग कनेक्शन और घटना में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

