कटनी जिले की रीठी तहसील स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गईं, जब यहां कार्यरत सफाई कर्मियों ने मानदेय नहीं मिलने से नाराज होकर काम बंद हड़ताल शुरू कर दी। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें पिछले 1 महीने 22 दिन से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत सफाई कर्मियों ने आज अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए काम बंद कर दिया। सफाई कर्मियों का आरोप है कि लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने के कारण उनके घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
“हम लोगों को पिछले 1 महीने 22 दिन से वेतन नहीं मिला है। घर चलाना मुश्किल हो रहा है। जब तक हमारा मानदेय नहीं मिलेगा, तब तक हम काम पर वापस नहीं लौटेंगे।”
सफाई कर्मियों की हड़ताल के चलते अस्पताल की साफ-सफाई व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द मानदेय जारी करने की मांग की है।
फिलहाल सफाई कर्मी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और उनका कहना है कि जब तक बकाया मानदेय नहीं मिलेगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।

