यशवंत गंजीर कुरुद। प्रदेश सरकार के सुशासन के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए कुरुद विकासखंड के ग्राम कातलबोड़ में ‘सुशासन तिहार’ सह जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए क्षेत्रीय विधायक अजय चंद्राकर ने आम जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान 13 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी मांगें और शिकायतें लेकर पहुंचे थे। विधायक ने अधिकारियों को दो टूक लहजे में कहा कि जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, पात्र व्यक्तियों को तत्काल लाभान्वित करें।
शिविर में कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्मित मकानों की चाबियां और प्रशस्ति पत्र जब विधायक ने हितग्राहियों को सौंपे, तो उनकी खुशी का ठिकाना न रहा। श्री चंद्राकर ने परिवारों के साथ खुशियां बांटते हुए कहा कि अपना पक्का घर होना हर गरीब का सपना है, जिसे केंद्र और राज्य सरकार मिलकर पूरा कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा लक्ष्य केवल शिविर लगाना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि शासन की योजनाओं की कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान आए।
13 पंचायतों से 752 आवेदकों ने लगाई गुहार:
प्रशासन की सक्रियता का आलम यह रहा कि क्लस्टर की 13 पंचायतों (कातलबोड़, चर्रा, मोंगरा, कोकड़ी, बानगर, मंदरौद, कमरौद, सिंधौरीखुर्द, सिंधौरीकला, सेलदीप, जोरातराई, गाडाडीह एवं परखंदा) से कुल 752 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 728 आवेदन विभिन्न विकास कार्यों की मांग के थे, वहीं 24 आवेदन शिकायतों से संबंधित रहे। विधायक की मौजूदगी में विभागीय अधिकारियों ने अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाई।
विभागीय स्टालों से बरसी सौगातें:
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टाल लगाकर हितग्राहियों को सीधे लाभान्वित किया गया जिसमे आयुष्मान वय वंदन कार्ड और स्मार्ट कार्ड का वितरण। नोनी सुरक्षा प्रमाण पत्र और पोषण टोकरी भेंट। मछुआरों को जाल, आईस बॉक्स और श्रमिकों को पंजीयन कार्ड। दिव्यांगों और बुजुर्गों को सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू, जनपद सदस्य कुलेश्वरी साहू, विधायक प्रतिनिधि कृष्णकांत साहू सहित क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि,मैदानी अधिकारी-कर्मचारी सहित विभिन्न गांवों से आये हुए ग्रामीण उपस्थित थे।

