कटनी जिले की रीठी तहसील मुख्यालय के स्टेशन रोड क्षेत्र में इन दिनों पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इलाके में लगे कई हैंडपंप बंद पड़े हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जंग खा चुके और खराब पड़े हैंडपंपों से पानी निकलना पूरी तरह बंद हो गया है। ऐसे में लोगों के लिए पानी का एकमात्र सहारा नगर परिषद द्वारा भेजा जाने वाला टैंकर बन गया है। लेकिन टैंकर से भी सभी जरूरतमंदों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।
हालात यह हैं कि कई परिवारों को घंटों इंतजार करने के बाद भी पानी नहीं मिलता, जिसके चलते उन्हें दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता है। खासकर महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़े हैंडपंपों की जल्द मरम्मत कराई जाए और नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर होती जा रही है, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया है।

