धमतरी। जिले के भखारा थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है, जहां हार्वेस्टर की चपेट में आने से एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान रीवागहन गांव निवासी लाला राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह खेत में काम खत्म कर हार्वेस्टर से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान डबरी पार के पास चढ़ाव में हार्वेस्टर अचानक फंस गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मशीन के फंसने पर लाला राम नीचे उतरकर उसे देखने लगा। तभी अचानक हार्वेस्टर रिवर्स हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया। भारी वाहन के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसे निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।
अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

