रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित रावाभाठा इलाके में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मितानिन के घर से बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान बरामद हुआ। मामले में पुलिस ने बीरगांव निवासी विनय देवांगन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपी को एक स्थानीय कांग्रेस नेता का साला बताया जा रहा है, जबकि घटना के बाद से वह फरार है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम विनय देवांगन एक बैग लेकर रावाभाठा निवासी मितानिन पुष्पा साहू के घर पहुंचा था। उसने परिचय का हवाला देते हुए कुछ समय के लिए बैग घर में रखने की बात कही और वहां से चला गया। बैग को लेकर मितानिन को शक हुआ, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को दी। पार्षद की मौजूदगी में जब बैग की जांच की गई, तो उसमें संदिग्ध सामग्री देखकर सभी के होश उड़ गए।
सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान बैग से एक एयरगन, बैटरी, बिजली के तार, दो बोतल संदिग्ध केमिकल, डेटोनेटर जैसी सामग्री और अन्य रॉ-मटेरियल बरामद किया गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी विनय देवांगन फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में पुलिस ने आरोपी की मानसिक स्थिति और गतिविधियों को संदिग्ध बताया है, हालांकि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जुटाने के पीछे का असली मकसद उसकी गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। खमतराई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

