बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम जगतरा में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के एक कुएं में तेंदुआ फंसा मिला। जंगल से पानी की तलाश में गांव पहुंचा तेंदुआ अंधेरे में खुले कुएं में जा गिरा और करीब 6 घंटे तक मौत से जूझता रहा। उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि वह कुएं में लगे मोटर पाइप को पकड़कर किसी तरह खुद को संभाले हुए था।
ग्रामीणों के मुताबिक सुबह जब कुएं का मालिक पानी निकालने पहुंचा, तब उसकी नजर कुएं के अंदर बैठे तेंदुए पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों में डर और उत्सुकता दोनों का माहौल बना रहा।
Tata Motors ने भारत में लॉन्च की Curvv EV Series X: ₹16.99 लाख की शुरुआती कीमत और 502km की रेंज
सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया गया। अधिकारियों ने लोगों को कुएं से दूर रहने की अपील की, ताकि रेस्क्यू ऑपरेशन में कोई बाधा न आए। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकालने की तैयारी में जुटी रही। संभावना जताई जा रही है कि उसे बेहोश कर रेस्क्यू किया जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी और जंगलों में पानी की कमी के चलते वन्यजीव लगातार गांवों की ओर रुख कर रहे हैं। पानी और भोजन की तलाश में भटकते जंगली जानवर अक्सर आबादी वाले इलाकों में पहुंच जाते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

