धमतरी । 25 मार्च 2026। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक देशी पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति मरादेव मंदिर, गौरव पथ के पास अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर आरोपी के पास से एक देशी निर्मित पिस्टल और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ के दौरान आरोपी इन हथियारों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सौरभ सोनी (25 वर्ष), निवासी श्रीराम नगर, आमातलाब रोड, धमतरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सौरभ सोनी एक हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी तथा आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
धमतरी पुलिस ने बताया कि जिले में गुंडा-बदमाशों, निगरानी बदमाशों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

