कटनी: कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बसाड़ी में गुरुवार को एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कैलाश चौधरी, पिता प्रेमलाल चौधरी के रूप में हुई है। युवक का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है और गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

अवैध शराब और मारपीट का आरोप
मृतक के पिता प्रेमलाल चौधरी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांव में अवैध रूप से शराब का विक्रय किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब संचालक मुन्नू श्रीवास ने पहले उनके बेटे कैलाश को शराब पिलाई और उसके बाद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिजनों का दावा है कि मृतक के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान मौजूद हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि उसकी मृत्यु स्वाभाविक नहीं बल्कि मारपीट के कारण हुई है।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों सहित पूरे बसाड़ी गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबारों पर अंकुश लगाया जाए और कैलाश की मौत के असली कारणों का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर मर्ग कायम कर लिया है।
इस पूरे मामले में बड़वारा थाना प्रभारी के.के. पटेल ने बताया कि:
फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम शव परीक्षण के शव अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को संज्ञान में लिया गया है और हर पहलू से मामले की सूक्ष्मता से जांच की जा रही है।

